पटना, जेएनएन। बिहार में अगलगी की घटना बढ़ गई है। कहीं शॉट सर्किट से आग लग रही है तो कहीं लापरवाही में ऐेसे हादसे हो रहे हैं। ताजा मामला पटना का है। पटना सिटी में अगलगी में पति-पत्नी की मौत हो गई। मामला चौक थाना क्षेत्र का है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस समेत स्थानीय लोग पहुंच गए। उधर पटना के ही फतुहा में भी शॉट सर्किट की वजह से आग लग गई। इसमें हजारों की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार पटना सिटी के मंगल तालाब इलाके में कचौड़ी गली स्थित एक मकान के कमरे में आग लग गई। इसमें पति-पत्नी के झुलसने से मौत हो गई। मृतक की पहचान देवेंद्र सिंह और पत्नी ललिता देवी के रूप में की गई है। देवेंद्र सिंह केवल आॅपरेटर था। जांच के लिए पुलिस पहुंच गई है। वहीं घटना को लेकर घरवालों में कोहराम मचा है।
उधर पटना के फतुहा थाना क्षेत्र में भी अगलगी की घटना हुई है। बताया जाता है कि फतुहा कॉलेज के निकट विनोद साव रहते हैं। उन्हीं के मकान में आग लगने की घटना हुई है। घटना का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट है। काफी मशक्कत से लगभग दो घंटे के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
कटिहार में लाखों का नुकसान
कटिहार जिले में गुरुवार की देर रात भीषण आग से अफरा-तफरी मच गई। आग शहर के महिला कॉलेज के समीप स्थित बंद पड़े पुराण फ्लॉवर मिल में लगी। भीषण आग में मिल की बिल्डिंग पूरी तरह ध्वस्त हो गयी। आग की लपटें देख शहर में अफरातफरी की स्थिति बन गयी। लोग अपने घरों से बाहर भागे। जानकारी के मुताबिक मिल में लकड़ी व पटसन भारी मात्रा में रखे होने के कारण आग बेकाबू हो गई। आसपास के कई घर भी आग की चपेट में आ गए। फ्लॉवर मिल के समीप ही भारत पेट्रोलियम का डिपो है। हालांकि गनीमत थी कि आग वहां तक नहीं पहुंची।