पटना [जेएनएन]। आगामी तीन फरवरी को पटना के गांधी मैदान में आयोजित कांग्रेस की ‘जन आकांक्षा रैली’ में पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी शिरकत करेंगे। इस रैली की सफलता को लेकर रविवार को आयोजित कांग्रेेस के रोड शो में पूर्व मंत्री अखिलेश सिंह के साथ मोकामा के निर्दलीय विधायक अनंत सिंह भी शामिल हुए। इस दौरान अखिलेश सिंह ने अनंत सिंह को मजबूत आदमी बताते हुए उनकी तारीफ भी की।
विदित हो कि अनंत सिंह ने पहले ही मुंगेर लोकसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुके हैं। बीते दिनों उन्होंने मुंगेर में रोड शो भी किया था।
रोड शो में की रैली को सफल बनाने की अपील
कांग्रेस नेता व पूर्व विधायक पप्पू खान की पहल पर मोकामा में आयोजित रोड शो में पूर्व मंत्री अखिलेश सिंह के साथ निर्दलीय विधायक अनंत सिंह भी शामिल हुए। रोड शो पटना सिटी के मंगल तालाब से आरंभ होकर पटना स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम तक आयोजित किया गया। इसके माध्यम से जनता से राहुल गांधी की रैली में शामिल होने की अपील की गई।
फिर बोले: कांग्रेस के टिकट पर लड़ेंगे चुनाव
रोड शो में शामिल अनंत सिंह ने कहा कि उन्हें कांग्रेस के टिकट पर ही चुनाव लड़ना है। उनके अनुसार राहुल गांधी की रैली को सफल बनाने के लिए वे लोगों से अपील कर रहे हैं। अनंत सिंह की कांग्रेस से उम्मीदवारी की बाबत फिलहाल कुछ बाेलने से बचते हुए पूर्व मंत्री अखिलेश सिंह ने कहा कि समय आने पर सारी जानकारी दे दी जाएगी। हां, उन्होंने अनंत सिंह की तारीफ करते हुए उन्हें मजबूत आदमी जरूर करार दिया।
अनंत के समर्थन में महागठबंधन का एक धड़ा
अनंत सिंह खुद को मुंगेर से कांग्रेस का लोकसभा प्रत्याशी घोषित कर चुके हैं। इसके पहले वे किसी दल से टिकट नहीं मिलने पर भी मुंगेर से ही निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुके हैं। अनंत के समर्थन में महागठबंधन का एक धड़ा है तो उनकी बाहुबली छवि को लेकर विरोध भी है।