अब अपनी माटी के विकास में जिले के उद्योगपति निवेश करेंगे। इसकी पहल सालों से बंद पड़े हथुआ चीनी मिल को चालू कर की जाएगी। इस चीनी मिल को चालू करने के लिए उद्योगपति मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलेंगे। इसके साथ ही पर्यटक तथा कृषि के क्षेत्र में भी निवेश किया जाएगा। रविवार को गुजरात से अपने पैतृक गांव मीरगंज थाना क्षेत्र के हरखौली गांव पहुंचे प्रसिद्ध उद्योगपति विजय शाही ने यह घोषणा किया। अपने गांव पहुंचने से पूर्व उन्होंने ऐतिहासिक थावे दुर्गा मंदिर में पूजा अर्चना भी किया। उन्होंने कहा कि गोपालगंज जिले में पर्यटक तथा कृषि के क्षेत्र में विकास की काफी संभावना है। यहां पूर्व में कृषि से जुड़े कई उद्योग थे। खास कर चीनी मिलें बिहार में सबसे अधिक गोपालगंज में ही थीं। लेकिन अब कई मिलें बंद हो गई हैं। उन्होंने कहा कि बंद पड़े हथुआ मिल को चालू करने तथा पर्यटक उद्योग में निवेश करने की काफी संभावना है। बंद पड़े हथुआ चीनी मिल को चालू करने के लिए वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलेंगे तथा इस मिल में निवेश कर इसे चालू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी दस मार्च को हरखौली में गुजरात के कई प्रसिद्ध उद्योगपति आएंगे। उनके साथ विचार विमर्श कर जिले के उद्योग स्थापित करने के लिए योजनाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा।