आज देशभर की निगाहें दो विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के परिणामों पर लगी है। जिनमें राजस्थान की रामगढ़ और हरियाणा की जींद विधानसभा सीट शामिल है। बता दें कि दोनों सीटों पर 28 जनवरी को मतदान हुआ था और आज परिणाम आने हैं। रामगढ़ और जींद में त्रिकोणीय संघर्ष बना हुआ है। फिलहाल, हर कोई अपनी जीत का दावा कर रहा है। हालांकि, जनता ने किस पर भरोसा जताया है, ये आज दोपहर तक साफ हो जाएगा।
Live Updates:-
– जींदः जींद से आए रुझानों में अभी तक जननायक जनता पार्टी के दिग्विजय चौटाला सबसे आगे चल रहे हैं, उसके बाद भाजपा और कांग्रेस के रणदीप सिंह सुरजेवाला तीसरे स्थान पर हैं। वहीं, इनेलो चौथे स्थान पर है।
– रामगढ़ में से आए रुझानों में शुरुआत में कांग्रेस को बढ़त मिली हुई है। यहां 9773 वोटों के साथ कांग्रेस पहले, 7094 वोटों के साथ भाजपा दूसरे और 1005 वोट के साथ बसपा तीसरे नंबर पर है।
– राजस्थान में रामगढ़ विधानसभा सीट के लिए मतगणना शुरू हो चुकी है। मतगणना से पहले कुछ ऐसा रहा केंद्र का नजारा।
– मतगणना केंद्र पर पहुंचे दिग्गज। कांग्रेस के रणदीप सिंह सुरजेवाला और जननायक जनता पार्टी के दिग्विजय चौटाला मतगणना केंद्र पर मौजूद।
– दोनों सीटों पर मतगणना शुरू हो चुकी है। थोड़ी देर में दोनों सीटों के रुझान आने शुरू होंगे
रामगढ़ का गणित
रामगढ़ के परिणाम के साथ ही राजस्थान विधानसभा में 200 सदस्यों का कोरम पूरा हो जाएगा। राजस्थान में कांग्रेस के पास अभी 99 विधायक हैं और वह सहयोगी दल के सदस्यों के समर्थन से सत्ता में है। अगर परिणाम कांग्रेस के पक्ष में आता है तो कांग्रेस का आंकड़ा 100 का हो जाएगा और विधानसभा में और अधिक स्थिरता मिलेगी। वहीं, परिणाम भाजपा के पक्ष में आता है, पार्टी के सदस्यों की संख्या 73 से 74 हो जाएगी। वहीं, बसपा को भी जीत की उम्मीद बंधी हुई है।