पटना [जेएनएन]। देश ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर 112 विभूतियों को पद्म पुरस्कारों से नवाजा। इनमें बिहार के भी छह लोग शामिल हैं। इन पुरस्कारों ने बिहार का मान बढ़ाया है। मधुबनी से भाजपा सांसद हुकूमदेव नारायण यादव को पद्मभूषण सम्मान से नवाजा गया है। बिहार से मनोज वाजपेयी को अभिनय, राजकुमारी देवी को कृषि, भागीरथी देवी को जन सरोकार, गोदावरी दत्ता को मिथिला चित्रकला, ज्योति कुमार सिन्हा को सामाजिक कार्य के क्षेत्र में पद्मश्री से नवाजा गया है।
सांसद के साथ बेहतरीन वक्ता भी हैं हुकूमदेव
सांसद हुकूमदेव नारायण यादव को पद्मभूषण सम्मान मिला है। वे मधुबनी से भाजपा सांसद हैं। सादगी के प्रतीक हुकूमदेव बाबू की पहचान उनके भाषणों से भी है। उन्हें 2014-17 सत्र के लिए आउटस्टैंडिंग पार्लियामेंट्रियन का अवार्ड भी मिला है। वे समाजसेवी होने के साथ किसान भी हैं।
बेहतरीन अभिनेता हैं मनोज वाजपेयी
पद्मश्री से नवाजे गए बिहार के नरकटियागंज के बेलवा के मूल निवासी मनोज वाजपेयी फिल्म और रंगमंच के शानदार अभिनेता हैं। ‘बैंडिंट क्वीन’, ‘सत्या’, ‘शूल’, ‘अलीगढ़’, ‘स्पेशल 26’, ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ तथा ‘राजनीति’ जैसी फिल्मों से उन्होंने अपनी अमिट छाप छोड़ी है।
किसान चाची के नाम से प्रसिद्ध हैं राजकुमारी देवी
मुजफ्फरपुर के आनंदपुर गांव की निवासी राजकुमारी देवी को कृषि क्षेत्र में पद्मश्री से नवाजा गया। उन्हें लोग प्यार से किसान चाची के नाम से भी जानते हैं। किसान चाची ने सामाजिक बाधाओं को दरकिनार कर कृषि के क्षेत्र में राष्ट्रीय पहचान बनाई। किसानों को जागरूक करने के लिए वह साइकिल से ही 40-50 किलोमीटर चली जाती हैं। मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक उन्हें सम्मानित कर चुके हैं।